Sada E Waqt

چیف ایڈیٹر۔۔۔۔ڈاکٹر شرف الدین اعظمی۔۔ ایڈیٹر۔۔۔۔۔۔ مولانا سراج ہاشمی۔

Breaking

متفرق

Thursday, June 24, 2021

आजमगढ़: पूर्व ब्लाक प्रमुख के घर पुलिस की दबिश, चार गिरफ्तारआवास से भारी मात्रा में असलहा व कारतूस बरामद

आजमगढ़, उत्तर प्रदेश /सदा ए वक्त /24 जून 2021. 
==============================
आजमगढ़। जनपद के 22 विकासखंड क्षेत्रों में होने वाले ब्लाक प्रमुख पद के लिए चुनाव की तैयारी में जुटे लोग क्षेत्र पंचायत सदस्यों का समर्थन लेने के लिए जोड़-तोड़ में जुटे हैं। आगामी दिनों में होने वाले चुनाव से पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्यों का समर्थन जुटाने के लिए धनबल और बाहुबल का प्रयोग चल रहा है। इसी परिप्रेक्ष्य में बुधवार की रात शहर कोतवाली पुलिस ने पल्हनी ब्लाक के पूर्व प्रमुख प्रमोद यादव के आवास पर दबिश देकर वहां मौजूद चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पूर्व प्रमुख के आवास से भारी मात्रा में असलहा व कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि ब्लाक प्रमुख चुनाव से पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्यों को धमका कर समर्थन जुटाने की सूचनाएं मिल रही थी। इसी क्रम में शहर कोतवाली पुलिस को बुधवार की रात सूचना मिली की पल्हनी ब्लाक प्रमुख पद के दावेदार पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रमोद यादव के आवास पर कुछ क्षेत्र पंचायत सदस्यों को जबरन बंधक बनाया गया है। इस सूचना पर पुलिस ने रात करीब 9.30 बजे पूर्व प्रमुख के आहोपट्टी ग्राम स्थित आवास पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में असलहा व कारतूस बरामद किया। साथ ही वहां मौजूद चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए लोगों में राकेश पुत्र सूबेदार यादव ग्राम पटखौली थाना शहर कोतवाली, विनोद पुत्र दयाराम यादव ग्राम जमालपुर काजी थाना तहबरपुर, अतीक खान उर्फ छोटू ग्राम अशधीरपुर थाना तरवां तथा कमलेश पुत्र रामअवध यादव ग्राम जगदीशपुर थाना क्षेत्र सिधारी के निवासी बताए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बरामद असलहों के लाइसेंसधारक मौके पर मौजूद नहीं मिले। गौरतलब है कि प्रमोद यादव पूर्व मंत्री एवं सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव के भतीजे हैं। इस समय वह पूर्व ब्लाक प्रमुख पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।